विभिन्न पाठ्यक्रमों हेतु प्रवेश परीक्षाओं का सफलतापूर्वक आयोजन

# 25 Jul, 2025

अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के शिक्षक शिक्षा विभाग अंतर्गत संचालित पाँच विभागों के कुल 15 विभिन्न पाठ्यक्रमों हेतु प्रवेश परीक्षाओं का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इन पाठ्यक्रमों के लिए कुल 1089 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 802 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में भाग लिया।

परीक्षा का संचालन विश्वविद्यालय प्रशासन एवं परीक्षा समिति के निर्देशन में शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की गईं — प्रथम पाली में 14 पाठ्यक्रमों की परीक्षा संपन्न हुई, जबकि द्वितीय पाली में एम.कॉम. पाठ्यक्रम की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा आयोजन हेतु विश्वविद्यालय के शिक्षण विभागों की विभिन्न कक्षाओं में परीक्षार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। सम्पूर्ण परीक्षा व्यवस्था में अनुशासन, समयबद्धता और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य अरुण दिवाकर नाथ बाजपेयी ने परीक्षा में सम्मिलित सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं एवं जीवन की चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करते हुए निरंतर आत्मविकास की दिशा में आगे बढ़ने का प्रेरक संदेश दिया। कुलसचिव श्री शैलेंद्र दुबे ने विद्यार्थियों को परीक्षा में सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं और उनके उत्साहपूर्ण सहभाग को सराहा। परीक्षा नियंत्रक डॉ. तरुण धर दीवान ने समस्त परीक्षार्थियों की उपस्थिति, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण की प्रशंसा करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को एक उत्कृष्ट शैक्षणिक अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि इस परीक्षा के सफल आयोजन में विश्वविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, अधिकारी एवं कर्मचारीगण का सहयोग सराहनीय रहा, जो कि समर्पित टीम वर्क का उत्कृष्ट उदाहरण है। डॉ. दीवान ने विशेष रूप से विभागाध्यक्षों, परीक्षा संयोजक डॉ. एच. एस. होता, परीक्षा प्रभारी श्री एफ. कुरैशी सहायक कुलसचिव, डॉ. कलाधर तथा समस्त शिक्षकों और कर्मचारियों के सक्रिय योगदान की सराहना की, जिन्होंने परीक्षा व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Banner