प्रवेश तिथि बढ़ी: पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय में अब 10 अप्रैल तक कर सकते हैं आवेदन

# 01 Apr, 2026

प्रवेश तिथि बढ़ी: पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय में अब 10 अप्रैल तक कर सकते हैं आवेदन

बिलासपुर/- पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय ने अपने विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 अप्रैल कर दी है। पहले यह तिथि 29 मार्च निर्धारित थी। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के निर्देशानुसार बढ़ाई गई इस समय सीमा से उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी जो अब तक आवेदन नहीं कर पाए थे। विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए आयु की कोई सीमा नहीं है। स्नातक स्तर पर बीए, बीएससी और बी. लिब एंड आई.एस.सी. में 12वीं पास विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं, जबकि स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों—जैसे एमए (अंग्रेजी, हिन्दी, संस्कृत, समाजशास्त्र, छत्तीसगढ़ी, राजनीति विज्ञान, शिक्षा), एमकॉम, एमएसडब्ल्यू, एमए/एमएससी (गणित), एमएससी कंप्यूटर साइंस और मास्टर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस—में प्रवेश के लिए संबंधित विषय में स्नातक उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इसके अलावा पीजीडीसीए, योग साइंस, कंप्यूटर एप्लीकेशन, साइकोलॉजिकल गाइडेंस एंड काउंसलिंग तथा अन्य डिप्लोमा कोर्स भी उपलब्ध हैं। प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और शुल्क भी ऑनलाइन ही जमा करना होगा। आवेदन के लिए विद्यार्थियों को 10वीं और अंतिम शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, पात्रता व प्रवजन प्रमाण-पत्र, शुल्क रसीद, पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी।

फॉर्म भरते समय नाम, पिता/पति का नाम और माता का नाम हिंदी में सही-सही दर्ज करना अनिवार्य है, क्योंकि प्रमाण-पत्र इसी आधार पर जारी किए जाएंगे। विश्वविद्यालय की वेबसाइट https://pssou.ac.in पर कोर्स, फीस और अवधि से संबंधित पूरी जानकारी उपलब्ध है।

Banner